रंग में भंग: आर्केस्ट्रा के दौरान गोली चली, किशोर घायल
सिद्धार्थनगर के खेसरहा थानाक्षेत्र के कलनाखोर गांव में बुधवार की देर रात आर्केस्ट्रा के दौरान गोली लगने से किशोर घायल हो गया। उसे गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
क्षेत्र के कलनाखोर गांव निवासी राजेश्वर अग्रहरि के पुत्र प्रमोद अग्रहरि की शादी गुरुवार को थी। उसके एक दिन पूर्व बुधवार को उनके घर पर खानपान और नाच गाने का प्रोग्राम था। बुधवार की रात करीब नौ बजे आर्केस्ट्रा शुरू हुआ। नाच गाने के बीच रात करीब 11:30 बजे किसी ने असलहे से फायरिंग कर दी और गोली गांव के सोमई (15) पुत्र चंद्रप्रकाश की जांघ में लग गई। इससे वह घायल हो गया।
ग्रामीणों की सहयोग से परिवारीजन उसे लेकर गोरखपुर एक निजी अस्पताल में चले गए जहां उसका इलाज चल रहा है। किसी ने घटना की सूचना 112 नंबर पर फोन कर दे दी। सूचना पर रात 12 बजे के करीब सीओ,एसओ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस गोली चलाने वाले को तलाश रही है। थानाध्यक्ष यशवंत कुमार सिंह ने बताया कि गोली चलने की सूचना पर मौके पर गए थे। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जरूरी कार्रवाई की जाएगी।